चेयरमैन के खेद जताने पर माने सफीदों मंडी के व्यापारी, खुला गेट

4
Safidon Mandi
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की नई अनाज मंडी में धान के सीजन के बीच व्यापारियों और मार्केट कमेटी चेयरमैन के बीच उपजा विवाद शुक्रवार को उस समय चरम पर पहुंच गया, जब आढ़तियों ने मंडी गेट पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। तालाबंदी के चलते धान की खरीद-बिक्री का काम ठप हो गया और मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लग गईं। कई घंटों तक चले घटनाक्रम के बाद एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की मध्यस्थता से विवाद सुलझा। मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी द्वारा व्यापारियों के बीच पहुंचकर खेद प्रकट करने के बाद आढ़तियों ने ताला खोल दिया और मंडी में कारोबार दोबारा शुरू हो गया। तालाबंदी की अगुवाई पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष चंद्र जैन और कच्चा आढ़ती संघ के प्रधान गणेशी लाल गर्ग ने की। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक चेयरमैन अपना इस्तीफा नहीं देते या व्यापारियों के बीच पहुंचकर खेद प्रकट नहीं करते, तब तक मंडी का गेट नहीं खोला जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा और सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे तथा व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया।
बॉक्स:
गेट पास रोकने की धमकी देने का लगाया आरोप
विवाद की शुरुआत वीरवार को हुई थी, जब कच्चा आढ़ती संघ, पक्का आढ़ती संघ और अन्य व्यापारियों ने चेयरमैन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कार्यालय के बाहर धरना दिया था। व्यापारियों का आरोप था कि चेयरमैन धान के सीजन में मंडी की व्यवस्था सुचारू रूप से चलने में बाधा डाल रहे हैं। उनका कहना था कि किसानों से खरीदे गए धान की बोरियों में भराई के बाद माल को मंडी से बाहर ले जाने से रोकने और गेट पास जारी नहीं करने की धमकी दी जा रही है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि यदि धान का उठान बाधित हुआ तो मंडी में जाम की स्थिति पैदा हो जाएगी, जिससे किसानों और आढ़तियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेयरमैन पर जानबूझकर अड़चनें पैदा करने और सुविधा शुल्क ऐंठने की मंशा रखने के आरोप भी लगाए। आढ़तियों का कहना था कि सफीदों मंडी धान की खरीद-बिक्री और उठान के मामले में प्रदेश की अग्रणी मंडियों में शामिल है, इसलिए यहां की व्यवस्था प्रभावित होना सभी के लिए नुकसानदायक है। हालांकि चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी मैं इन सभी आरोपी को गलत बताया था। उनका कहना था कि सरकार ने उन्हें मंडी को नियमों के अनुसार चलाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके अनुसार, मंडी में अनियमितताएं हो रही हैं और उन्होंने इन्हीं का विरोध किया है।
बॉक्स:
लंबे दौर की चली वार्ता
काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद एसडीएम व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल को मार्केट कमेटी कार्यालय ले गए, जहां चेयरमैन और व्यापारियों के बीच लंबी वार्ता हुई। बैठक में चेयरमैन ने खेद प्रकट किया, लेकिन व्यापारियों ने मांग रखी कि वे बंद कमरे के बजाय मंडी गेट पर पहुंचकर धरने पर बैठे व्यापारियों के सामने अपनी बात रखें। इसके बाद एसडीएम, चेयरमैन और अन्य व्यापारी मंडी गेट पर पहुंचे। यहां चेयरमैन चंद्र सिंह सैनी ने दोबारा खेद प्रकट करते हुए कहा कि वह व्यापारियों और किसानों के साथ हैं तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया और मंडी गेट का ताला खोल दिया। गेट खुलते ही बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने मंडी में प्रवेश किया और धान की खरीद-बिक्री का कार्य फिर से सुचारू हो गया।

Loading