हरियाणा के जींद में फल की आड़ में नशा तस्करी करने का मामला सामने आया है। डिटेक्टिव स्टाफ ने भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव के नजदीक जांच के दौरान केले से भरे एक ट्रक से चूरा पोस्त बरामद किया। पुलिस को ट्रक में रखे दो कट्टों से कुल 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त मिला। कार्रवाई के बाद पुलिस ने ट्रक और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान जींद की आश्रम बस्ती निवासी प्रगट सिंह उर्फ गौरव और हनुमान नगर निवासी नरविंद्र के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
भिवानी रोड पर नाके के दौरान पकड़ा ट्रक
मामले में ASI रामबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। शिकायत के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि भिवानी रोड से गुजरने वाले एक ट्रक के जरिए नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद ASI अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बीबीपुर गांव के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान भिवानी की ओर से एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकवाकर तलाशी और पूछताछ शुरू की। ट्रक को प्रगट सिंह चला रहा था, जबकि नरविंद्र उसके साथ वाली सीट पर बैठा हुआ था।
दो कट्टों से मिला चूरा पोस्त
पुलिस की जांच के दौरान केले से भरे ट्रक में रखे दो कट्टों से 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर ट्रक समेत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, संभावित सप्लाई नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
![]()











