पुराने वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, 500 से ज्यादा वाहन इंपाउंड; 16 पॉल्यूशन सेंटरों के लाइसेंस सस्पेंड

11
Faridabad Pollution

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच फरीदाबाद में पुराने वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। आरटीए विभाग ने बीएस-4 तक के करीब 18 हजार कमर्शियल वाहनों की पहचान की है। वहीं, पिछले एक महीने के दौरान बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 श्रेणी के 500 से अधिक वाहनों को पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इंपाउंड किया गया है।

18 हजार कमर्शियल वाहन विभाग के रडार पर

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए आरटीए विभाग ने पुराने कमर्शियल वाहनों की पहचान की है। विभाग के अनुसार, करीब 18 हजार ऐसे वाहनों को चिह्नित किया गया है, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही पुलिस के सहयोग से पुराने वाहनों की जांच और इंपाउंड करने का अभियान जारी है।

206 पॉल्यूशन चेक सेंटरों की जांच

आरटीए मुनीश सहगल ने बताया कि बढ़ते एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। फरीदाबाद में संचालित कुल 206 पॉल्यूशन चेक सेंटरों की जांच की गई। इस दौरान 16 सेंटरों की मशीनों में गड़बड़ी पाई गई।

मशीनों में गड़बड़ी मिलने पर लाइसेंस सस्पेंड

जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद विभाग ने 16 पॉल्यूशन चेक सेंटरों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। ये सेंटर पेट्रोल पंपों पर संचालित हो रहे थे। विभाग की नजर अब बाकी सेंटरों पर भी है, ताकि प्रदूषण जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और गलत तरीके से प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी न किए जा सकें।

Loading