युवक को थाईलैंड में बनाया बंधक, म्यांमार आर्मी ने करवाया आजाद

70

विदेश भेजने वाली कंपनी और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव रोझला के एक व्यक्ति को मोहाली स्थित एक विदेश भेजने का काम करने वाली कंपनी ने 3 लाख 33 हजार रुपए का चूना लगा दिया। सफीदों सदर थाना पुलिस ने इस मामले में पिल्लूखेड़ा के एक व्यक्ति सहित मोहाली की कंपनी संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी और इमीग्रेशन एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रोझला गांव के सुमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि पिल्लूखेड़ा का कुलदीप वासी पूजा पाठ का काम करता है, जिसे वह करीब 3-4 साल से जानता है।
साल 2022 में कुलदीप ने कहा कि उसकी जान पहचान रुद्राक्ष ग्रुप आफ ओवरसीज, मोहाली से है जो विदेश में भेजने का काम करते हैं। जिस पर कुलदीप उसे मोहाली ले गया जहां पर वर्क वीजा पर कनाडा भेजने की बात हुई। उसने रुद्राक्ष ग्रुप आफ ओवरसीज, मोहाली के खाते में कनाडा भेजने के नाम पर 3 लाख 33 हजार रुपये जमा करवाए थे। जिसके बाद कुलदीप व रुद्राक्ष ग्रुप मोहाली उसे बार बार समय देते रहे और उसे कनाडा नहीं भेजा।
इसके बाद 20 अगस्त 2025 को कुलदीप पिल्लूखेड़ा ने स्टेटस लगाया हुआ था कि थाईलैंड में फ्री में नौकरी प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। उसने 20 अगस्त को कुलदीप से सम्पर्क करके पैसे वापिस देने के लिए कहा था जिसने पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि वह थाईलैंड में नौकरी दिलवा सकता है जिसके मांगने पर मैने अपने पासपोर्ट की फोटो कॉपी भेजी थी 29 अगस्त को कुलदीप के कहे अनुसार अपनी टिकट बुक कराकर थाईलैंड हवाई अड्डा पर पहुंच गया।
जहां हवाई अड्डा के बाहर कम्पनी का एक आदमी गाड़ी सहित मिला जिसने मोबाईल में फोटो देखकर गाड़ी में बैठा कर म्यांमार चाईनीज कम्पनी में ले गया।
जहां पर उसने काम करने से मना कर दिया और वापिस अपने घर आने के लिए कहा तो इसके बदले में 7 लाख रुपए मांगे। मना करने पर उसे डेढ़ माह तक जेल में बन्दी बनाकर रखा था इसके बाद 22 अक्टूबर को म्यांमार आर्मी ने उसे अन्य भारतीयों के साथ रिहा करवाकर थाईलैंड राजदूत के माध्यम से एयरफोर्स स्टेशन नोएडा भिजवा दिया। सफीदों सदर थाना पुलिस ने कंपनी और कुलदीप के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(4), 308(2), 318(4), 316(2) तथा 24 इमीग्रेशन एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading