फरीदाबाद में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त छापेमारी तेज
फरीदाबाद (हरियाणा): दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद NCR में सुरक्षा एजेंसियों ने चेकिंग और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस ने गुरुवार सुबह से कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। शहर की संवेदनशील कॉलोनियों, मस्जिदों, किराए के मकानों, मजदूर बस्तियों और गोदामों में पुलिस टीमों ने तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली की जांच एजेंसी NIA द्वारा कई संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद की गई है। जांच में सामने आया कि कुछ संदिग्धों के तार NCR के अलग-अलग जिलों से जुड़ सकते हैं, जिसके चलते फरीदाबाद में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और किरायेदारों का रिकॉर्ड भी जांचा। कई स्थानों पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने भी परिसर की तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एक रूटीन-कंट्रोल्ड एक्शन है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान की जा सके।
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस शहर में लगे CCTV फुटेज की भी बारीकी से जांच कर रही है।
![]()











