जोनल यूथ फेस्टिवल का शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने किया शुभारंभ
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव मैट्रिस डिग्री कॉलेज में रविवार को जोनल यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। समारोह में बतौर मुख्यातिथि प्रदेश के शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने शिरकत की। वहीं विशिष्टातिथि के तौर पर चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. रामपाल सैनी व पूर्व विधायक एवं कॉलेज अध्यक्ष जसबीर देशवाल मौजूद रहे। कॉलेज के निर्देशक वजीर सिंह नेहरा ने अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारग कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया। अपने संबोधन में शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 का सपना भारत को “विकसित राष्ट्र” बनाना है, जब देश अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा। इस विजन का उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और वैश्विक शक्ति बनाना है।
इस सपने को पूरा करने में शिक्षा व युवाओं का अहम योगदान होगा। देश में लागू नई शिक्षा नीति के कारण हमारी शिक्षा में काफी सुधार आया है। उन्होंने गीता व रामायण के प्रसंग सुनाते हुए विद्यार्थियों से कहा कि हमें अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। ज़िंदगी में हम सभी के पास सपने होते हैं, लक्ष्य होते हैं। लेकिन अक्सर इन लक्ष्यों और हमारे बीच एक दीवार खड़ी हो जाती है और उस दीवार का नाम है, “परिणाम की चिंता”। हम काम शुरू करते हैं, लेकिन हमारा आधा ध्यान इस बात पर होता है कि “क्या होगा?”, “सफलता मिलेगी या नहीं?”, “लोग क्या कहेंगे?”।
यह चिंता हमारे कदमों को धीमा कर देती है, हमारी ऊर्जा को सोख लेती है और अंत में हमें हमारे रास्ते से भटका देती है। लेकिन आज से हमें यह तय करना है कि हम इस दीवार को तोड़ देंगे। जब आप अपना सौ प्रतिशत देते हैं, तो परिणाम अपने आप सर्वश्रेष्ठ होता है। आपकी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। अपनी सारी ऊर्जा, अपनी सारी ताकत, अपने लक्ष्य की ओर लगा दो। परिणाम की चिंता छोड़ो, अपना कर्म करो, सफलता तुम्हारे कदम चूमेगी। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











