सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपमंडल क्षेत्र में बिकने वाली खाद्य सामग्री की नियमित रूप से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं बिना मिलावट की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दुकानों, ढाबों, रेस्टोरेंट्स, मिठाई की दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरंतर निरीक्षण अभियान चलाया जाए। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों एवं लाइसेंस संबंधी नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलावटखोरों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर खाद्य नमूने लेकर लैब में जांच कराई जाए। इसके अलावा उपमंडल वासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()











