सीआईए स्टाफ को बड़ी सफलता
नरवाना : सीआईए स्टाफ नरवाना को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जैन गारमेंट्स नरवाना से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने और फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने मात्र दो दिन में मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनूप निवासी बेलरखा के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ नरवाना के इंचार्ज सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दाता सिंह वाला क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी की दोनों टांगों में गोली लगी, जबकि एक टांग में फ्रैक्चर भी आ गया। मुठभेड़ के दौरान सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह पर चली गोली उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
![]()











