एडीसी विवेक आर्य ने किया उद्घाटन, कहा: तकनीक और सामाजिक कल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है यह आंगनवाड़ी
जींद : पांडु पिंडारा गांव में बुधवार को हरियाणा की पहली एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित आंगनवाड़ी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीसी विवेक आर्य ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आंगनवाड़ी 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह राज्य का पहला ऐसा आंगनवाड़ी केंद्र है, जहां आधुनिक तकनीक की सहायता से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एडीसी विवेक आर्य ने बताया कि इस एआई आधारित आंगनवाड़ी में बच्चों के लिए वीआर (वर्चुअल रियलिटी) सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जो उनके संज्ञानात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन डिवाइस के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और वे खेल-खेल में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से आंगनवाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों का विकास निजी स्कूलों के बच्चों से भी बेहतर हो सकता है।
उन्होंने बताया कि वीआर और एआई तकनीक के माध्यम से बच्चों को विभिन्न भाषाओं में शिक्षा दी जा सकेगी। इससे बच्चों की समझ, कल्पनाशक्ति और रुचि में वृद्धि होगी। इसके अलावा एआई तकनीक के जरिए बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की प्रगति और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारियां डिजिटल रूप से दर्ज की जाएंगी। इससे बच्चों की जरूरतों को समय रहते पहचान कर आवश्यक कदम उठाना आसान होगा।
एडीसी ने कहा कि इस नई व्यवस्था से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कार्य भी सरल होगा। बच्चों का रिकॉर्ड, पोषण से जुड़ी जानकारी, दैनिक रिपोर्ट और स्वास्थ्य संबंधी डाटा अब डिजिटल माध्यम से सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकेगा। इससे कागजी कार्य में कमी आएगी और कार्यकर्ता बच्चों की देखभाल व शिक्षा पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।
उन्होंने कहा कि एआई आधारित यह आंगनवाड़ी तकनीक और सामाजिक कल्याण का एक सशक्त उदाहरण है, जो भविष्य में प्रदेश की आंगनवाड़ी व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगा और बच्चों की नींव को मजबूत करेगा।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, सीडीपीओ सुमन, पंचायती राज विभाग के एसडीओ भूपेंद्र सिंह, प्लानिंग ऑफिसर मुकेश, मनरेगा पीओ राकेश, सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप सहित अन्य अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बच्चे उपस्थित रहे।
![]()











