पिस्टल की मैगजीन बरामद
नारनौल: हरियाणा के नारनौल में गैंगवार से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने 3 नामजद बदमाशों समेत कुल 15 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। यह केस कुख्यात बदमाश चीकू के साथी विक्की डोहर पर जानलेवा हमले से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके से पिस्टल की मैगजीन भी बरामद की है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना आपसी रंजिश और गैंग वर्चस्व को लेकर हुई। आरोप है कि हमलावरों ने विक्की डोहर को घेरकर उस पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान फायरिंग भी की गई, हालांकि गनीमत रही कि विक्की डोहर बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला सुनियोजित था और इसमें एक से अधिक वाहन व हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, अवैध हथियार रखने सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में 3 बदमाशों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान जांच के दौरान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग से जुड़े सभी आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में गैंग गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
![]()











