मुआना गांव में तिलहन फसलों पर दिया किसानों को प्रशिक्षण

110
Oilseed Crops

कृषि विभाग की पहल से मुआना में जागरूकता कार्यक्रम, तेल उत्पादन बढ़ाने पर जोर

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव मुआना में तिलहन फसलों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसएमएस डा० सूरजभान ने की। इस अवसर पर विभाग के एसडीओ डा. सुशील कुमार व गांव के सरपंच श्याम सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को तिलहन एवं तेल की फसलों से संबंधित नवीनतम तकनीकों, उन्नत किस्मों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी डा. सुशील कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में देश को खाद्य तेलों का भारी मात्रा में आयात करना पड़ रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे तिलहन एवं तेल की फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाएं ताकि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके और किसानों की आय में भी वृद्धि हो। प्रशिक्षण के दौरान कृषि विभाग के डा. बलजीत सहारण, डा. नरेंद्र पाल, डा. जितेंद्र सरोहा, डा. सूरजमल, डा. सतीश, डा. नितम एवं डा. अनिल गुलिया ने किसानों को पराली न जलाने, आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग, प्राकृतिक खेती अपनाने तथा आधुनिक खेती की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में खड़ी फसलों की उचित देखभाल, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा जल संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि तिलहन फसलें कम पानी में भी अच्छी पैदावार देती हैं और इनके माध्यम से फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलता है, जिससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं अनुदानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर किसानों को सम्मानित भी किया गया।

Loading