गुप्त सूचना पर बड़ी कामयाबी, बाईपास से नशा सप्लायर दबोचा गया
सफीदों (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टाफ सफीदों ने गुप्त सूचना के आधार पर सफीदों बाईपास से दादी सती रोड से एक नशा तस्कर को 410 ग्राम चरस सहित काबू किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राममेहर निवासी खेड़ा खेमावती के तौर पर हुई है। जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए स्टाफ सफीदों की एक टीम सहायक उप निरीक्षक सुभाष के नेतृत्व में लाभ सिंह होटल के नजदीक मौजूद थी कि सीआईए टीम को मुखबरी मिली कि राममेहर निवासी खेड़ा खेमावती नशा बेचने का काम करता है और दादी सती रोड बाईपास सफीदों से अपने गांव खेड़ा खेमावती जा रहा है। अगर फौरी रेड की जाए तो नशीला पदार्थ सहित काबू आ सकता है। जिस पर सीआईए टीम ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए दादी सती रोड से बताए गए हुलिया अनुसार युवक को काबू किया। सीआईए टीम ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी संजय कुमार नायब तहसीलदार की हाजरी में आरोपी की तलाशी ली तो आरोपी के कब्जा से कुल 410 ग्राम चरस बरामद हुई। जिस पर आरोपी के खिलाफ थाना सदर सफीदों में मामला दर्ज किया गया।
![]()











