सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय सफीदों में शीघ्र ही स्वचालित मौसम केंद्र (ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन) स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में आज राजकीय महाविद्यालय सफीदों और भारतीय उष्ण कटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे के बीच एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ। यह समझौता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सविता पुनिया तथा पुणे से आए संस्थान के अधिकारियों के बीच हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समन्वयक प्रोफेसर बलविंद्र सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। एमओयू के तहत महाविद्यालय परिसर में आधुनिक तकनीक से युक्त स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे तापमान, वर्षा, आर्द्रता, वायु की गति एवं दिशा जैसी मौसम संबंधी जानकारियां वास्तविक समय में प्राप्त हो सकेंगी। प्राचार्य डॉ. सविता पुनिया ने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों के शैक्षणिक अध्ययन, शोध कार्य तथा पर्यावरणीय जागरूकता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। यह पहल महाविद्यालय को अकादमिक एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी। उन्होंने भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
![]()











