आधी रात कार पर हमला:

95
Amritsar incident
Amritsar incident

युवकों ने घर के बाहर खड़ी नई गाड़ी को आग के हवाले किया

अमृतसर में बीती रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां कुछ अज्ञात युवकों ने एक नई कार में आग लगा दी। यह घटना रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। कार मालिक एक सवारी छोड़कर जैसे ही घर लौटा, उसने गाड़ी को घर के बाहर खड़ा किया और अंदर चला गया। कुछ ही देर बाद शरारती तत्वों ने कार को निशाना बना लिया।

पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि युवक पहले कार के आसपास घूमते हैं और फिर उस पर कोई ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा देते हैं। कुछ ही सेकंड में कार आग की लपटों से घिर जाती है और लोग घरों से बाहर निकलकर शोर मचाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे किसी रंजिश, दबाव या धमकी की आशंका हो सकती है। कार मालिक ने बताया कि गाड़ी हाल ही में खरीदी गई थी और उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं है, ऐसे में यह घटना उनके लिए पूरी तरह चौंकाने वाली है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार मालिक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिख रहे युवक स्थानीय प्रतीत हो रहे हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है।

इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर आधी रात को इस तरह गाड़ियां जलाई जाएंगी, तो सुरक्षा की भावना खत्म हो जाएगी। कई लोग इसे बढ़ती असामाजिक गतिविधियों का नतीजा बता रहे हैं।

Loading