गांव बहादुरगढ़ में युवक ने की आत्महत्या

5
Bahadurgarh village case

ग्रामीण पर उकसाने का मामला दर्ज

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों उपमंडल के गांव बहादुरगढ़ में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सीताराम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई हरिओम ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए। हरिओम के अनुसार, 26 मार्च को उसके भाई सीताराम का गांव निवासी प्रेम के साथ विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद प्रेम ने सफीदों सदर थाना में सीताराम और उसके परिवार के खिलाफ एक शिकायत दी थी। बताया गया कि मंगलवार रात दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन आरोप है कि प्रेम ने इस समझौते की सूचना पुलिस को नहीं दी। इसके चलते पुलिस की ओर से सीताराम के पास लगातार फोन कॉल आते रहे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते सीताराम ने बुधवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर गांव बहादुरगढ़ निवासी प्रेम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर चंद्र ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Loading