दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीडितों को मुआवजे की उठाई मांग
सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों शहर की गीता कॉलोनी में शनिवार को केमिकल रंग-गुलाल फैक्ट्री में लगी भीषण आग की घटना पर प्रदेश के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे में मृतक महिलाओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई। बचन सिंह आर्य ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली महिलाओं की इस तरह दर्दनाक मौत होना समाज के लिए बहुत बड़ा आघात है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करानी चाहिए ताकि हादसे के असली कारण सामने आ सकें। पूर्व मंत्री ने मांग की कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। बचन सिंह आर्य ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत राहत प्रदान करते हुए पीड़ित परिवारों की आर्थिक सहायता करनी चाहिए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ सहारा मिल सके। इसके अलावा उन्होंने आग में घायल हुए मजदूरों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देनी चाहिए और उनकी पूरी देखभाल की जानी चाहिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही पीड़ित परिवारों से मिलेंगे।
![]()











