ठंड से बचाव को लेकर सरकार की एडवाइजरी जारी,
नागरिकों व पशुपालकों को सतर्क रहने के निर्देश
जींद : हरियाणा सरकार ने शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए आमजन व पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त श्री मोहम्मद इमरान रजा ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूरी तरह पालना करते हुए स्वयं और अपने परिवार को सर्दी के प्रकोप से सुरक्षित रखें।
उपायुक्त ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें और घर में ठंडी हवा के प्रवेश को रोकने के लिए दरवाजे व खिड़कियां ठीक से बंद रखें। यथासंभव घर के अंदर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। बाहर निकलते समय सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को पूरी तरह ढकें, गीले कपड़े तुरंत बदलें और हाथों में दस्ताने पहनें। फेफड़ों की सुरक्षा के लिए मास्क का प्रयोग करें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार विटामिन-सी युक्त फल व सब्जियों का सेवन करें और नियमित रूप से गर्म तरल पदार्थ पीते रहें। शराब के सेवन से बचें, क्योंकि यह शरीर के तापमान को कम करता है। बुजुर्गों, नवजात शिशुओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। रूम हीटर का प्रयोग आवश्यकता अनुसार करें तथा पर्याप्त वेंटिलेशन का प्रबंध रखें। बंद कमरों में कोयला जलाने से बचें, यह घातक हो सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि शीतलहर के दौरान पशुओं को अतिरिक्त भोजन की आवश्यकता होती है। रात के समय पशु आश्रय को चारों ओर से ढककर रखें और पशुओं को ठंडी हवा के सीधे संपर्क में न आने दें। ठंडा चारा व ठंडा पानी देने से बचें तथा पशु आश्रय में नमी और धुएं की स्थिति न बनने दें। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें विशेष सावधानी
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में वाहन चालक सीमित गति में, अपनी लेन में रहते हुए और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। धुंध के समय गलत दिशा में वाहन न चलाएं और ओवरटेक करने से बचें, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका न रहे।
शरीर का तापमान कम होने पर तुरंत करें उपाय
उन्होंने बताया कि हाइपोथर्मिया की स्थिति में व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाएं, गीले कपड़े बदलें और सूखे कंबल या कपड़ों से शरीर को गर्म करें। गर्म पेय दें और स्थिति गंभीर होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
![]()











