जगदीप उर्फ काजू पर किए थे फायर,
नाकाबंदी के दौरान सीआईए स्टाफ जींद ने दबोचा
जींद : सीआईए स्टाफ जींद की टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियारों और वारदात में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल और जिंदा राउंड भी बरामद किए हैं।
सीआईए स्टाफ जींद के इंचार्ज इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि 7 मार्च 2026 को गांव बड़ौदा में फ्लाईओवर के नीचे जगदीप उर्फ काजू पुत्र रणबीर उर्फ लीला निवासी बड़ौदा पर सफेद रंग की कार में सवार सचिन उर्फ चीना और राहुल ने जान से मारने की नीयत से सीधे फायर किए थे। इस दौरान जगदीप उर्फ काजू ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई थी।
पीड़ित की शिकायत पर थाना उचाना में 7 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 13 मार्च 2026 को पीएसआई आनंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर गांव कहसुन और खटकड़ के बीच नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। कार में सवार आरोपी सचिन उर्फ चीना निवासी बड़ौदा और राहुल उर्फ आरके निवासी भोंगरा जिला जींद पुलिस को देखकर भागने लगे। इसी दौरान सचिन उर्फ चीना खेतों की तरफ भागते समय गिर गया, जिससे उसके दाएं पैर में चोट लग गई और पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान सचिन उर्फ चीना के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और दो जिंदा राउंड बरामद हुए, जबकि कार में बैठे राहुल उर्फ आरके के कब्जे से भी एक अवैध पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार भी कब्जे में ले ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
![]()











