बस स्टैंड सफीदों से गहनों की चोरी का खुलासा

56
DSP Gaurav Sharma

3 शातिर चोर गिरफ्तार, 3.70 लाख बरामद

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सीआईए स्टॉफ सफीदों ने बस स्टैंड सफीदों पर यात्री की मदद के बहाने गहनों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए गहनों को बेचकर प्राप्त 3,70,000/- नकद बरामद किए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता रमेश वासी चांग (भिवानी) ने शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह से लौटते समय बस में सफीदों बस अड्डे से गोहाना जा रहा था। बस में चढ़ते समय कुछ युवकों ने सहायता के बहाने उसका बैग व अटैची ऊपर रखवाई और भीड़ का फायदा उठाकर अटैची से सोने के कीमती गहने चोरी कर लिए। जिसकी शिकायत के आधार पर थाना शहर सफीदों में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सन्नी निवासी गोहाना, सुनील उर्फ हुड्डा निवासी गोहाना व हरकेश उर्फ केशा निवासी संडील को नियमानुसार गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि गहनों को बेचकर आपस में रकम बांट ली गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी सुनील से 1,15,000 रूपए, आरोपी सन्नी से 1,35,000 रूपए, आरोपी हरकेश से 1,20,000 रूपए बरामद हुए। तीनो आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जिला जेल भेज दिया गया।

Loading