अमेरिका के डंकी रूट का खौफनाक VIDEO: ₹50 लाख खर्च, फिर भी डिपोर्ट

53
Dunki route

डंकी रूट की डरावनी हकीकत: कीचड़ और कीड़ों के बीच सफर, सड़क पर सोना

अमेरिका जाने के डंकी रूट की सच्चाई एक बार फिर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अवैध तरीके से विदेश भेजे जा रहे लोगों की अमानवीय परिस्थितियां साफ नजर आ रही हैं। वीडियो में दिखता है कि कैसे दलालों और एजेंटों के भरोसे निकले लोग कीचड़, कीड़े-मकोड़ों और जंगलों के बीच खतरनाक सफर करने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचाने के नाम पर एजेंट प्रति व्यक्ति करीब 40 से 50 लाख रुपये तक वसूलते हैं। इस लंबे और जोखिम भरे सफर में लोगों को कई देशों की सीमाएं अवैध रूप से पार कराई जाती हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्रियों को कभी सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे सोना पड़ता है, तो कभी जंगलों और सुनसान इलाकों में भूखे-प्यासे रहना पड़ता है।

सबसे चौंकाने वाला दृश्य उस वक्त सामने आता है, जब एक कंटेनर में करीब 40 लोगों को ठूंस-ठूंसकर उकड़ू बैठाया गया है। न हवा की पर्याप्त व्यवस्था, न शौचालय और न ही इंसानी तरीके से बैठने की जगह। कई लोग वीडियो में दम घुटने और बीमार होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। महिलाओं और युवाओं की हालत और भी बदतर बताई जा रही है।

इतनी यातनाओं के बाद भी मंजिल की कोई गारंटी नहीं होती। वीडियो में दावा किया गया है कि कुछ लोग अमेरिका की सीमा तक पहुंचने के बाद वहां की एजेंसियों द्वारा पकड़े गए और डिपोर्ट कर दिए गए। यानी लाखों रुपये खर्च करने, जान जोखिम में डालने और महीनों की यातना सहने के बावजूद उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर अवैध इमीग्रेशन और डंकी रूट के नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे रूट न सिर्फ गैरकानूनी हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे एजेंटों के झांसे में न आएं और विदेश जाने के लिए केवल कानूनी और सुरक्षित रास्तों का ही इस्तेमाल करें।

Loading