सफीदों : बिजली बिल माफी को लेकर फैल रही भ्रांतियों पर विराम लगाते हुए डी एच बी वी एन के कार्यकारी अभियन्ता अमित सिंह ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में सरकार अथवा बिजली विभाग द्वारा किसी भी प्रकार की बिजली बिल अथवा ब्याज माफी की कोई घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता गलत जानकारी के आधार पर अपने बिजली बिल माफ कराने के उद्देश्य से बिजली बोर्ड तथा प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। कार्यकारी अभियन्ता ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। बिजली बिल समय पर जमा करना प्रत्येक उपभोक्ता का कर्तव्य है। नियमित रूप से बिजली बिल भरने से न केवल विभागीय कार्यों में सुगमता रहती है, बल्कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बिजली बिल निर्धारित तिथि के भीतर जमा कर एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक होने का परिचय दें। साथ ही, किसी भी प्रकार की योजना या छूट से संबंधित जानकारी केवल विभाग की आधिकारिक सूचना अथवा अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें। उन्होंने ने यह भी बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को अपने बिजली बिल से संबंधित कोई समस्या या संशय है, तो वे संबंधित बिजली कार्यालय में संपर्क कर विधिवत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बिजली उपभोक्ता अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें। उल्लेखनीय है कि कुछ बिजली उपभोक्ता बिजली बिल या ब्याज माफी जैसी गलत अफवाओं के कारण शनिवार को उपमंडल प्रशासन के समक्ष पहुंच गए थे, विभाग के सफीदों शहरी एसडीओ अंकुश गर्ग ने स्पष्ट किया कि सरकार अथवा विभाग की तरफ से ऐसी कोई हिदायत जारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अगर भविष्य में सरकार अथवा विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के हित से संबंधित कोई भी हिदायत जारी होगी तो उसकी जानकारी अवश्य दी जाएगी
![]()











