क्लिनिक से 19 प्रकार की दवाइयां बरामद
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला औषधि निरीक्षक रूबी शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव मलिकपुर में गौरव क्लिनिक पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. चिराग और आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. शुभम भी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर मौजूद गौरव से मेडिकल प्रैक्टिस से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी वैध प्रमाण नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने क्लिनिक की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान क्लिनिक से 19 प्रकार की विभिन्न दवाइयां बरामद की गईं।
जब इन दवाइयों के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, तो गौरव कोई भी रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर पाया। जिला औषधि निरीक्षक रूबी शर्मा ने मौके पर ही सभी 19 प्रकार की दवाइयों को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि जब्त की गई दवाइयों को नियमानुसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिला औषधि निरीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना वैध डिग्री और लाइसेंस के मेडिकल प्रैक्टिस करना कानूनन अपराध है और इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग को इस संबंध में सीएम विंडो के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर तुरंत टीम गठित कर छापेमारी की गई। मेडिकल ऑफिसर डॉ. चिराग और डॉ. शुभम द्वारा बताया गया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इलाज के लिए केवल पंजीकृत और प्रमाणित डॉक्टरों के पास ही जाएं, ताकि किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य जोखिम से बचा जा सके।
![]()











