ACB ने सोसाइटी चुनाव से जुड़ी फाइल के बदले 50 हजार की रिश्वत लेते असिस्टेंट को दबोचा
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात एक असिस्टेंट को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक सोसाइटी के चुनाव से संबंधित फाइल को स्वीकृति दिलाने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार संबंधित सोसाइटी के चुनाव होने थे, जिसके लिए आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों की प्रक्रिया रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित थी। इसी दौरान कार्यालय में तैनात असिस्टेंट ने शिकायतकर्ता से फाइल आगे बढ़ाने और किसी तरह की अड़चन न आने देने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी को रिश्वत की रकम देने कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपये दाहिने हाथ से लेकर अपनी अलमारी में रखे, एसीबी टीम ने मौके पर ही दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के हाथ धुलवाने पर केमिकल टेस्ट पॉजिटिव पाया गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। टीम अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दिया है या नहीं और इसमें कोई अन्य कर्मचारी तो शामिल नहीं था।
इस कार्रवाई के बाद रजिस्ट्रार कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी उसी सख्ती से जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उनसे किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग की जाती है तो वे तुरंत इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दें।
![]()











