गुड गवर्नेंस का मूल मंत्र: समय पर, पारदर्शी और जिम्मेदार सेवाएं : डीसी मोहम्मद इमरान रजा

39
GoodGovernance

गुड गवर्नेंस सप्ताह के तहत लघु सचिवालय में विभागीय बैठक,

शिकायत निवारण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

जींद : उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि सुशासन का असली अर्थ है जनता को समय पर, साफ-सुथरी और जिम्मेदारी के साथ सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 19 से 25 दिसंबर तक मनाए जा रहे गुड गवर्नेंस सप्ताह का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
उपायुक्त लघु सचिवालय स्थित सभागार में गुड गवर्नेंस सप्ताह के तहत सभी विभागों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और व्यावहारिक योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब वह सही समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म प्लान प्रस्तुत किया गया, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को वर्तमान, निकट भविष्य और दीर्घकाल में बेहतर बनाने की रूपरेखा रखी गई। उपायुक्त ने अन्य विभागों को भी इसी तरह ठोस और लक्ष्य आधारित योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने अधिकारियों को जनता से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालयों में जनसुनवाई करने और फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस सप्ताह का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना है। इसके लिए सेवाओं को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना आवश्यक है। साथ ही सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने कहा कि गुड गवर्नेंस केवल एक सप्ताह का अभियान नहीं, बल्कि इसे रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज का हिस्सा बनाना होगा। सभी अधिकारी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में सीटीएम मोनिका, डीआरओ राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एसडीएम उचाना दलजीत सिंह, एसडीएम जुलाना होशियार सिंह और एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में जुड़े।

Loading