सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, मिर्चपुर निवासी मुकेश उर्फ गोलू दबोचा;
मामले में पहले भी तीन आरोपी पकड़े जा चुके
जींद : थाना सदर जींद पुलिस ने गांव गुलकनी स्थित घोड़ा फार्म पर किसान की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश उर्फ गोलू निवासी मिर्चपुर के रूप में हुई है।
थाना सदर जींद के प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुलकनी स्थित घोड़ा फार्म में सुरेंद्र उर्फ सुंदर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मृतक का शव कमरे में रखे बेड पर पड़ा मिला और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।
मृतक के भाई सुरेश निवासी गांव गुलकनी के बयान पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 103(1) व 331(8) बीएनएस के तहत थाना सदर जींद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण करते हुए तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पहले आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया था। इसके बाद आरोपी सोमबीर उर्फ लाला और अंकुश निवासी मिर्चपुर (हांसी) को 10 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुकेश उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
![]()











