सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में एक हैचरी व्यापारी को उसके एक कर्मचारी द्वारा ब्लैकमेल करने और रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। सफीदों सदर थाना पुलिस ने हैचरी व्यापारी की शिकायत पर कर्मचारी के खिलाफ धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनाज मंडी निवासी शिवचरण दास ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी गांव मलिकपुर में हैचरी है। अपनी कंपनी में आदर्श कॉलोनी निवासी विकास कुमार को प्रशिक्षु के रूप में नियुक्त किया था। उसे संवेदनशील कर्मचारी जानकारी तक पहुंचाने और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसके कार्यकाल के दौरान विभिन्न विभागों से कई मौखिक और लिखित शिकायतें आई। इसके बाद उसे हटाने का निर्णय लिया गया। जब उसे हटाने का निर्णय लिया गया तो उसने धमकी दी की वह कंपनी की प्रतिष्ठा को नष्ट कर देगा और कंपनी को डर के कारण उसकी मांगे माननी पड़ी और उसे जबरन एक लाख 97 हजार 700 रुपए देने पड़े। इसके बाद भी वह कंपनी पर दबाव बनाता रहा और जब कंपनी ने उसकी अवैध मांगों को ऐसे स्वीकार किया तो उसने कर्मचारियों को भड़काना शुरू कर दिया। बाद में कंपनी को उसे बिना काम किया तीन गुना मासिक वेतन देना स्वीकार करना पड़ा और जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक इसके खाते में बिना काम किया हर महीने फिरौती का पैसा डालना पड़ा। इसके बाद भी विकास की डिमांड खत्म नहीं हुई और उसने उसके और उसके परिवार के खिलाफ झूठे मामले बनवाने की धमकी देकर उससे पांच लाख रुपए नकद ले लिए। तब उसने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में और पैसे नहीं मांगेगा लेकिन कुछ दिन बाद उसकी दोबारा से इस प्रकार की डिमांड बढ़ गई। सफीदों सदर थाना पुलिस ने विकास कुमार के खिलाफ ब्लैकमेलिंग करने और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()










