अग्निकांड के बाद जागा सफीदों प्रशासन

14
illegal factories sealed

प्रशासन ने दो फैक्ट्रियों को किया सील

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की भाट कॉलोनी में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोमवार को सफीदों प्रशासन ने दो फैक्ट्रियों को सील कर दिया। यह कार्रवाई एसडीएम पुलकित मल्होत्रा के निर्देश पर की गई। सोमवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सफीदों के वार्ड नंबर-3 स्थित कृष्णा कॉलोनी में पहुंची, जहां अनन्त डिस्पोजल नाम से एक फैक्ट्री संचालित हो रही थी। टीम का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार राजेश गर्ग ने किया। उनके साथ सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, नगर पालिका के एसई कर्मवीर तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच के दौरान अधिकारियों को फैक्ट्री में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। फैक्ट्री मालिक के पास न तो कोई वैध एनओसी थी और न ही फैक्ट्री संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध थे। इसके अलावा सुरक्षा मानकों से जुड़े आवश्यक उपकरण भी नहीं पाए गए। जानकारी के अनुसार इस यूनिट में डिस्पोजल पत्तल और डोने बनाने का कार्य किया जा रहा था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि यह फैक्ट्री घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में संचालित हो रही थी, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ था। इन खामियों को देखते हुए प्रशासनिक टीम ने तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री को सील कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए वार्ड नंबर-4 की रामा कॉलोनी में संचालित सावन बैटरी नामक फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। यहां भी अधिकारियों को कई गंभीर कमियां मिलीं। जांच के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में न तो कोई वैध लाइसेंस मौजूद था और न ही आग से बचाव के लिए जरूरी फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया गया था। इसके अलावा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की भी कमी पाई गई। नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने इस फैक्ट्री को भी तुरंत प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्रियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में यदि कोई भी फैक्ट्री बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के संचालित होती पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Loading