जालंधर में कॉल रिकॉर्डिंग से मचा हड़कंप, देह व्यापार रैकेट का शक गहराया

68
Jalandhar Call Recording

वायरल ऑडियो में लड़कियों की सप्लाई की बातचीत

पंजाब के जालंधर में लड़कियों की सप्लाई से जुड़ी एक कॉल रिकॉर्डिंग के वायरल होने से हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इस ऑडियो क्लिप में एक महिला, जिसे लोग ‘ज्योति मैडम’ के नाम से पहचान रहे हैं, कथित तौर पर लड़कियां सप्लाई करने की बातचीत करती सुनाई दे रही है। रिकॉर्डिंग में वह कहती है— “4 हजार च 2 जणे”, जिससे अवैध देह व्यापार के रैकेट की आशंका और गहरी हो गई है।

बताया जा रहा है कि यह कॉल किसी युवक और उक्त महिला के बीच हुई बातचीत की है, जिसमें पैसों और लड़कियों की संख्या को लेकर सौदा तय किया जा रहा है। जैसे ही यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। मामला सार्वजनिक होते ही जालंधर पुलिस हरकत में आ गई है।

जालंधर के डीसीपी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वायरल कॉल रिकॉर्डिंग को गंभीरता से लिया गया है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें ऑडियो की तकनीकी जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल कहां से की गई थी और इसमें शामिल लोग कौन हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही रिकॉर्डिंग को ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि यह कोई संगठित गिरोह है या किसी छोटे नेटवर्क की गतिविधि। कॉल रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच के लिए वॉयस सैंपल और मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। यदि ऑडियो सही पाया गया तो मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़ी धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए अवैध गतिविधियों को किस तरह खुलेआम अंजाम देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध ऑडियो या गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते अपराधियों को पकड़ा जा सके।

Loading