सफीदों (एस. के. मित्तल): जे.डी. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित त्रिदिवसीय स्पोर्ट्स मीट 2025 का गुरुवार को भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने अनुशासन, संघर्ष, कौशल और खेल भावना का अद्भुत प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा विद्यालय परिसर खेल उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जितेंद्र गंभीर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, टीमवर्क और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास करते हैं, जो सफलता की नींव बनते हैं। समारोह की अध्यक्षता स्कूल चेयरमेन सुरेश कुमार भारद्वाज एवं डायरेक्टर विजय कुमार भारद्वाज ने की। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यालय में खेल गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समापन दिवस पर 800 मीटर रिले, 400 मीटर रिले, 100 मीटर दौड़, शॉट पुट, जैवलिन थ्रो, हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने हर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। शॉट पुट और जैवलिन थ्रो में खिलाड़ियों की तकनीक और शक्ति विशेष रूप से सराहनीय रही।
स्टैनफोर्ड, कैंब्रिज, ऑक्सफोर्ड और हार्वर्ड हाउस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंततः निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ऑक्सफोर्ड हाउस ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। विद्यालय ने सहजदीप, प्रभगुन, लक्ष्य खर्ब, महक, मानसी, रोनित और वियान को बेस्ट एथलीट के रूप में सम्मानित किया।
मार्च पास्ट का समापन हेड गर्ल तान्या, हेड बॉय हरप्रीत तथा सभी हाउस कैप्टनों द्वारा झंडा लहराकर किया गया। समापन समारोह में विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। चेयरमेन और डायरेक्टर विजय भारद्वाज ने स्पोर्ट्स इंचार्ज संदीप कुमार, विजय कुमार एवं उर्वशी के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की।

![]()











