सड़क सुरक्षा को लेकर जींद पुलिस का जागरूकता अभियान, राह-वीर योजना की दी जानकारी

5
Jind traffic police

गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेंगे 25 हजार रुपये, ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील

जींद : ट्रैफिक पुलिस जींद द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी तथा सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान लोगों को राह-वीर योजना (Rah-Veer Scheme) के बारे में भी जागरूक किया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने में मदद करता है तो सरकार द्वारा उस मददगार व्यक्ति को 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय घायलों की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। यदि किसी घायल को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसलिए सभी नागरिक दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी डर के आगे आएं और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई।

Loading