जींद में करोड़ों की विकास परियोजनाएं रफ्तार पर
जींद : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि जींद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बड़ौदी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य जोरों पर है, जिस पर 185 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी के साथ जींद शहर में कुल 18 बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से 4 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्लस्टर योजना के तहत जाजवान, संगतपुरा, जलालपुर खुर्द, ईंटल कलां और ईंटल खुर्द में नए जलघर बनेंगे तथा गलियों में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस योजना पर 35 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे और सरकार द्वारा परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। डिप्टी स्पीकर ने बताया कि सीवरेज और पाइपलाइन सिस्टम को मजबूत करने के लिए भी 17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जींद में अधिकारियों के लिए बनाए जाने वाले आवासों के टेंडर भी शीघ्र जारी होंगे।
स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में डिप्टी स्पीकर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम जुलाना होशियार सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने हाईवे पर हरियाली बढ़ाने, रानी तालाब की लाइटिंग ठीक करवाने, जर्जर PHC/CHC को कंडम कर पुनः एस्टीमेट भेजने तथा शहर के पार्कों की छोटी-छोटी समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 40 करोड़ रुपये की बिजली परियोजनाओं के तहत ट्रांसफार्मर और तारों को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि एकलव्य स्टेडियम में करोड़ों रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक लगाया जा रहा है। सेक्टर-6 में 1.54 करोड़ और सेक्टर-8 में 2.16 करोड़ रुपये की रिपेयरिंग करवाई जा रही है। जींद-भिवानी एवं जींद-दिल्ली लाइन अंडरपास कार्य भी दो माह में पूरे होंगे। PWD की सड़कों के सुधार के लिए 11 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। कंडेला में बनने वाली CHC के टेंडर भी 10 दिनों में जारी होंगे।
डॉ. मिड्ढा ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, उन्हें समय पर पूरा किया जाए। तकनीकी अवरोधों को मुख्यालय से तालमेल कर दूर करने के भी निर्देश दिए।
डिप्टी स्पीकर ने जन स्वास्थ्य विभाग की दो शिल्ड ग्रैबिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 24 लाख 31 हजार रुपये खर्च कर खरीदी गई ये मशीनें सीवरेज सफाई में विशेष रूप से तंग इलाकों में कारगर साबित होंगी। इनसे प्रतिदिन लगभग 20 मेनहोल साफ किए जा सकेंगे।
इस मौके पर एक्सईएन भानु प्रताप, एसडीओ कर्मबीर सिंह, जेई अरविंद, महेश, अमित आदि मौजूद रहे।
![]()











