मॉक ड्रिल से पहले विभागीय तैयारियों की समीक्षा के नगराधीश ने दिए निर्देश

33
#JindUpdates

जिला स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित

जींद : उपायुक्त मोहम्मद इमरान रज़ा के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश मोनिका ने की। इसमें एनडीआरएफ टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य 09 दिसंबर को होने वाली जिला स्तरीय मॉक ड्रिल के लिए तैयारी सुनिश्चित करना तथा भूकंप व अन्य आपदाओं की स्थिति में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। नगराधीश मोनिका ने कहा कि मॉक ड्रिल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा परिस्थितियों में प्रशासनिक तत्परता की परीक्षा है। इसलिए प्रत्येक विभाग को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध, सतर्क और समन्वित ढंग से निर्वहन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन कमियों की पहचान तैयारी के दौरान सामने आए, उन्हें मॉक ड्रिल से पहले दुरुस्त कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि संवाद, तालमेल और टीमवर्क ही आपदा प्रबंधन की सफलता की कुंजी है।

9 दिसंबर को राजकीय महाविद्यालय में होगा मॉक ड्रिल आयोजन

नगराधीश मोनिका ने बताया कि सभी विभाग अपने संसाधनों सहित राजकीय महाविद्यालय, जींद में निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। पुलिस, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें पुराना बस स्टैंड से निर्धारित क्रम के अनुसार मॉक ड्रिल स्थल के लिए रवाना होंगी।
बैठक में मॉक ड्रिल के दौरान विभागवार जिम्मेदारियाँ भी तय की गईं :

पुलिस विभाग: सर्च एंड रेस्क्यू, ट्रैफिक प्रबंधन
स्वास्थ्य विभाग: एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, ट्रायएज
नगर परिषद: स्वच्छता व्यवस्था
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग: पेयजल टैंकर
बिजली निगम: विद्युत आपूर्ति एवं तकनीकी सहायता
रेडक्रॉस: प्राथमिक उपचार व्यवस्था
बीएसएनएल: वैकल्पिक संचार व्यवस्था
होमगार्ड/सिविल डिफेंस: ग्राउंड सपोर्ट
तहसीलदार जींद: स्टेजिंग एरिया प्रबंधन

एनडीआरएफ ने दिया प्रशिक्षण

एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अनिल ने अधिकारियों को आपदा की संभावित स्थिति, प्राथमिक प्रतिक्रिया, सर्च एवं रेस्क्यू तकनीक और सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल 09 दिसंबर सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी। आपदा प्रबंधन के लिए जिला कंट्रोल रूम कक्ष संख्या 215 में स्थापित किया गया है तथा इसका हेल्पलाइन नंबर 01681-245206 सक्रिय है। बैठक में एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कॉलेज प्राचार्य, तहसीलदार जींद सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Loading