खेड़ा खेमावती में जमीन को लेकर तनाव

53
Kheda Khemawati

अदालत के आदेश के बावजूद जबरन कब्जे का प्रयास 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों उपमंडल के गांव खेड़ाखेमावती में जमीन पर कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच तनाव की स्थिति है। जमीन के मालिक राजवीर
निवासी पानीपत ने बताया कि उसके पक्ष में 11 दिसंबर 2025 को सफीदों के सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अमित नैन द्वारा उसके हक में आदेश जारी किए जाने के बावजूद दूसरे पक्ष के सुल्तान सिंह, कप्तान सिंह, रमल, सज्जन सिंह व बलवान सिंह मामले से संबंधित जमीन पर नाजायज कब्जा करने के प्रयास में उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। यह विवाद जमीन के फ्रंट को लेकर है। उसने बताया कि 11 दिसंबर को जारी फैसले में माननीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत ने उसके हक में फैसला करते हुए जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि दूसरा पक्ष राजस्व रिकॉर्ड की किसी गलती का नाजायज फायदा उठाते हुए उसके फ्रंट को दबाने की कोशिश कर रहा है। अदालत ने जारी आदेश में सुल्तान वगैरा, पांचो भाइयों को राजवीर की मलकियत 20 नवंबर 2000 के बंटवारे के नक्शे के मुताबिक खसरा नंबर 7/2 में हस्तक्षेप करने से रोका है लेकिन आज फिर उन्होंने इस जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। राजबीर ने बताया कि पिछले सप्ताह इसी जमीन में सुल्तान वगैरा ने उसकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उसके खेत में लगे पौधों व फेंसिंग को उखाड़ कर मारपीट की थी जिसमें सुल्तान सिंह ने तेजधार हथियार से उसकी गर्दन काटने का प्रयास किया था लेकिन वह बच गया। उसने बताया कि इस वारदात की वीडियो के साथ थाना प्रभारी को उसने शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई करने की बजाय दोनों पार्टियों का फौजदारी का चालान कर दिया। उसने बताया कि वह अदालत का फैसला लेकर प्रशासन के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है लेकिन पुलिस आरोपियों को एक तरह से संरक्षण दे रही है और वे कभी भी उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करते हुए उसके जान माल का नुकसान कर सकते हैं। दूसरे पक्ष ने इस बारे कुछ कहने से इनकार कर दिया।

Loading