एसडीएम ने स्कूल में हुए विकास कार्यों का किया उद्घाटन

40
Kheda Khemawati
परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा।

समाज के निर्माण में स्कूलों का महत्वपूर्ण योगदान: पुलकित मल्होत्रा 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल खेड़ा खेमावती में सीआरएस योजना के तहत करवाए गए शौचालय निर्माण एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक वातावरण मिल सके। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, तकनीकी संसाधन और आधारभूत ढांचा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। शौचालय निर्माण से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा, वहीं कंप्यूटर प्रयोगशाला के नवीनीकरण से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी दक्षता का लाभ मिलेगा। उन्होंने जनमानस की भलाई में शिक्षण संस्थानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में स्कूलों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीएसआर योजना के तहत निजी संस्थाओं द्वारा शिक्षण संस्थानों को लाभ पहुंचाना एक सराहनीय कदम है, जिससे संसाधनों की उपलब्धता बढ़ती है और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होता है। गौरतलब है कि उज्जीवन बैंक द्वारा राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल खेड़ा खेमावती में कंप्यूटर प्रयोगशाला का नवीनीकरण एवं शौचालयों का निर्माण सीआरएस योजना के तहत करवाया गया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अजय कटारिया, बैंक के सीएसआर प्रबंधक मनोज गुप्ता, नरेश कुमार, साहिल भाटिया, अनीश कुमार, एसएमसी प्रधान शमशेर, पवन कुमार मौजूद थे।

Loading