राज्यसभा चुनाव में कर्मवीर बौद्ध की होगी जीत: कुमारी सैलजा

8
Kumari Selja statement

कहा: भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए करती है सहयोगी दलों का इस्तेमाल

सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों में सिरसा से सांसद और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने राज्यसभा चुनाव, हरियाणा की राजनीति और पंजाब की स्थिति को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। वह सफीदों में पूर्व पालिका प्रधान राकेश जैन के निवास पर पहुंचीं, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए कर्मवीर सिंह बौद्ध को मैदान में उतारा है और उनकी जीत लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक हैं और पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ रही है। सैलजा ने बीजेपी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने राजनीतिक फायदे के लिए सहयोगी दलों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी बीजेपी ने केवल चुनावी जरूरतों के लिए इस्तेमाल किया है। उनके मुताबिक चुनाव खत्म होने के बाद उनके साथ भी राजनीतिक खेल किया जा सकता है और अभी से इसके संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी वास्तव में बीजेपी की बी टीम की तरह काम कर रही है। सैलजा के मुताबिक दोनों दलों के बीच अंदरखाने समझौता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जनता अब आम आदमी पार्टी के विकास के दावों को समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है। पंजाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे को लेकर भी सैलजा ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पंजाब अलग प्रदेश है और वहां की परिस्थितियां भी अलग हैं। मुख्यमंत्री सैनी को दूसरे राज्यों में राजनीतिक दौरे करने की बजाय अपने राज्य हरियाणा पर अधिक ध्यान देना चाहिए। सैलजा ने कहा कि हरियाणा में जनता सरकार से नाराज है और लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने राज्य के बजट को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि कागजों में भले ही जनहित की बातें लिखी हों, लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी केवल नारों और घोषणाओं की राजनीति करती है। सरकार को चाहिए कि पिछले बजट और योजनाओं की मॉनिटरिंग करे और जनता को बताए कि वास्तव में कितना विकास हुआ है और कितने वादे पूरे हुए हैं। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Loading