सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों सदर पुलिस ने पानीपत के राजवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद सफीदों के गांव खेड़ा खेमावती के पांच लोगों पर शिकायतकर्ता की जमीन में जबरदस्ती घुसने, उसके खेत में नुकसान करने, जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने व शिकायतकर्ता तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट करने आदि के आरोपों में आपराधिक मामला दर्ज किया है। इस मामले में खेड़ा खेमावती के सुल्तान सिंह, कप्तान सिंह, राजमल, सज्जन सिंह व बलवान सिंह को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2007 में उसने गांव खेड़ाखेमावती में 16 कनाल 8 मरले जमीन इस गांव के जयभगवान से खरीदी थी। पुलिस को दी शिकायत में उसने कहा है कि आरोपियों ने इस जमीन के पिछले मालिक जयभगवान के खिलाफ पटवारी से मिलकर साजिश रचते हुए वर्ष 1990 में गलत ततीमा दर्ज करवा दिया था जिसमें शिकायतकर्ता की जमीन को छोड़ उसके साथ लगती आरोपियों की जमीन को मेन रास्ते के पूरे फ्रंट पर दिखा दिया था। शिकायतकर्ता ने इस ततीमे के खिलाफ सफीदों की सिविल कोर्ट में दावा दायर किया था जिसमें नायब तहसीलदार ने अदालत में दर्ज कराए अपने बयान में स्पष्ट किया था कि यह ततीमा गलत दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि नवंबर 2000 में सफीदों के सहायक संग्राहक ने बंटवारे के नक्शे में शिकायतकर्ता की जमीन को सही पोजीशन देते हुए उसे रास्ते के फ्रंट पर लगा दिया था जबकि उसके साथ बराबर में आरोपियों की जमीन भी इस रास्ते पर लगती है। शिकायतकर्ता का कहना है कि बीत गई 8 दिसंबर को आरोपी उसके खेत में आए जिन्होंने शिकायतकर्ता के खेत में लगी फेंसिंग को उखाड़ कर फेंक दिया, पौधे भी उखाड़ दिए और शिकायतकर्ता व उसके कई परिजनों के साथ मारपीट की और शिकायतकर्ता पर तेजधार हथियार से हमला किया। इसकी शिकायत पर जब स्थानीय सदर थाना प्रभारी ने कार्रवाई नहीं की तो उसने शिकायत प्रदेश पुलिस प्रमुख व जिला पुलिस अधीक्षक को की थी जिस पर कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि बीएनएस की धारा 118(1), 190, 19(3), 324(4),329(3), 351(2) व 62 के तहत दर्ज इस मामले की जांच एएसआई मनजीत सिंह को सौंपी गई है।
![]()










