एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में एक दंपति ने दो प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर जमीन के सौदे के नाम पर 51 लाख रुपए की ठगी कर दी। सफीदों शहर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पानीपत जिले के गांव सिठाना के रहने वाले जय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके साले अजमेर निवासी गांव रजाना खुर्द ने पिल्लूखेड़ा में हार्डवेयर की दुकान कर रखी है। प्रॉपर्टी डीलर किस्मत देशवाल का उसके साल के पास आना जाना था। जून 2025 में किस्मत ने कहा कि उसके पास एक पार्टी है जो अपनी जमीन बेचना चाहती है और उचित रेट में जमीन मिल सकती है। जब किस्मत ने यह बात कही उस समय सफीदों निवासी विकास भी उसके साथ था। उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल की जिम्मेवारी लेने की भी बात कही। जयकुमार से उसके साले ने बात की और उसके बाद किस्मत देशवाल और विकास मुंडलाना के श्री भगवान और उसकी पत्नी सोनू को साथ लेकर आए तथा 34 कनाल जमीन का सौदा 69 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से कर दिया। उसने 50 लख रुपए बयान के तौर पर दिए और 30 अक्टूबर 2025 रजिस्ट्री की तारीख तय की गई। जब वह रजिस्ट्री करवाने के लिए सफीदों तहसील कार्यालय में पहुंचा तो वहां पर जमीन के मालिक और प्रॉपर्टी डीलर नहीं पहुंचे जबकि प्रॉपर्टी डीलर भी एक लाख रुपए कमीशन के ले चुके थे। बाद में उसे पता चला कि जमाबंदी के अनुसार जमीन के मालिक श्री भगवान और उनकी पत्नी सोनू नहीं है। इसके बाद उसने इन चारों से बात की और अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसों को भूल जाने की बात कही और कहा कि अगर पैसों की मांग की तो वह किसी ट्रक ड्राइवर को एक-दो लाख रुपए देकर उसको मरवा देंगे। सफीदों शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर श्री भगवान और उसकी पत्नी सोनू तथा प्रॉपर्टी डीलर किस्मत देशवाल और उसके साथी विकास कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()










