जींद पुलिस का आपरेशन ट्रैकडाउन में बड़ा वार, अपराधियों में हड़कंप

64
OperationTrackdown
OperationTrackdown

69 अपराधी काबू, हथियार और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद

जींद : हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 5 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” में जिला जींद पुलिस ने संगठित अपराध, अवैध हथियारों व NDPS एक्ट के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह (भा.पु.से.) ने प्रेस वार्ता में अभियान की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा साझा किया। एसपी ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान जिले में विभिन्न गंभीर मामलों में 69 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अपराधियों से 14 अवैध पिस्तौल, 1 देसी कट्टा, 2 मैग्जीन और 19 रौंद बरामद किए गए। नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 26.50 ग्राम हेरोइन, 505 ग्राम चरस, 2 किलो 705 ग्राम अफीम तथा 27 किलो 570 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। इस अवधि में फायरिंग से जुड़े 12 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 7 आरोपियों को काबू, 3 पर लुक आउट नोटिस जारी और 13 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत 5 अपराधियों पर कार्रवाई और 1 आरोपी की जमानत रद्द करवाई गई। जेल से बाहर आए 9 अपराधियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पराली जलाने पर सख्ती, 108 मुकदमे दर्ज, 95 आरोपी गिरफ्तार

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने सिविल प्रशासन के सहयोग से पराली जलाने के 108 केस दर्ज कर 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी जींद ने बताया कि निरंतर गश्त, मजबूत खुफिया तंत्र और तकनीक आधारित पुलिसिंग के चलते अपराध नियंत्रण में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि आमजन किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
एसपी कुलदीप सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिला पुलिस अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज के लक्ष्य की ओर निरंतर कार्यरत है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।

Loading