पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और BNS के तहत मुकदमा दर्ज
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में गांव के ही व्यक्ति द्वारा गांव की एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सफीदों सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महिला ने अपने ही गांव के अंकुश नामक एक व्यक्ति के खिलाफ आरोप लगाया है कि अंकुश 13 दिसंबर की रात को करीब 10 बजे उसके घर से उसकी नाबालिग लड़की को उठाकर अपने पुराने घर में ले गया। जब वह अपनी लड़की की तलाश करते हुए वहां पहुंचे तो उन्हें अपनी लड़की और अंकुश की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने दरवाजा खुला तो अंकुश मौका पाकर भाग गया। लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि जब उसने अपनी लड़की से पूछा तो उसकी लड़की ने बताया कि अंकुश ने उसके साथ कई बार गलत काम किया है और वह अपनी बदनामी के डर से चुप थी। महिला ने आरोपी अंकुश पर आरोप लगाया कि उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे वह उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। सफीदों सदर थाना पुलिस ने अंकुश के खिलाफ पास्को एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()











