चलती भट्ठी पर छापा, 300 लीटर लाहन व 23 बोतल अवैध शराब बरामद

11
#PoliceAction

खेत में बने कमरे से युवक काबू; आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

जींद : उचाना पुलिस ने अवैध शराब बनाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को चलती भट्ठी, 300 लीटर लाहन और 23 बोतल अवैध देशी शराब सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना उचाना के प्रभारी उपनिरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस टीम उचाना मंडी क्षेत्र में गश्त व अपराध जांच के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि गांव नचार खेड़ा में एक व्यक्ति अपने खेत में बने कमरे में अवैध देशी शराब निकालकर बेचने का काम करता है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति अवैध शराब बनाने वाली चलती भट्ठी के पास मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्ण निवासी नचार खेड़ा बताया।
नियमानुसार तलाशी लेने पर पुलिस को चलती भट्ठी के साथ लोहे के दो ड्रम (150 व 125 लीटर) और एक प्लास्टिक कैनी (25 लीटर) में कुल 300 लीटर लाहन बरामद हुआ। इसके अलावा एक अन्य प्लास्टिक कैनी से 23 बोतल अवैध देशी शराब भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी कृष्ण निवासी नचार खेड़ा के खिलाफ थाना उचाना में हरियाणा आबकारी अधिनियम की धारा 61-4-20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Loading