भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत: रासबिहारी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में उपमंडल के गांव मुआना स्थित आर्य समाज मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य रामोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री रास बिहारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ धर्माचार्य सम्पर्क टोली सदस्य प्रमोद गौतम, मुआना प्रखंड अध्यक्ष राम सिंह नम्बरदार और उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचनों के साथ किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। अपने संबोधन में रास बिहारी ने कहा कि आज के समय में हिंदू समाज को संगठित होने की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श, त्याग, सत्यनिष्ठा और कर्तव्य पालन की भावना को अपनाकर ही समाज सशक्त और संगठित बन सकता है। उन्होंने आगे कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन में मर्यादा को धारण करना चाहिए और हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। श्रीराम का जीवन हमें यह सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
![]()











