शहीदों को याद कर परस्पर सहयोग से आगे बढ़ना समय की मांग: कर्मवीर सैनी

25
समारोह को संबोधित करते हुए सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी।
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के गांव बहादुरगढ़ के राजकीय मिडल स्कूल परिसर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए राज्य के सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने देश के वीर शहीदों को नमन किया और कहा कि शहीदों की कुर्बानियों के लिए वीरों के प्रति कृतज्ञ होते हुए परस्पर सद्भाव के साथ आज विकास की दिशा में आगे बढ़ना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि आज सारी दुनिया विकास की दौड़ में है और इस दौड़ में भारत अग्रणी देशों की श्रेणी में है जो, जैसा कि सरकार ने लक्ष्यबद्ध किया है, वर्ष 2047 तक निश्चित रूप से विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि हम वीर शहीदों के ऋणी हैं जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपनी जान की कुर्बानियां देकर हमे गुलामी से मुक्त किया। अब हमें देश को शहीदों की कल्पना का भारत बनाना है। सूचना आयुक्त ने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता को कायम रखते हुए विकास की दिशा में परस्पर सद्भाव के साथ आगे बढ़ना समय की मांग है। सैनी ने कहा कि एक-एक व्यक्ति को मिलाकर देश बनता है। देश की मजबूती के लिए किसी धर्म, जाती, सम्प्रदाय आदि के भेदभाव को मिटाकर देश व समाज के प्रति समर्पण के भाव के साथ विकास की दिशा में चमत्कारी परिणाम लिए जा सकते हैं क्योंकि आपसी भेदभाव व नकारात्मक गतिविधियां विकास में बहुत बड़ी बाधा बनती हैं। सैनी ने कहा कि आज हमारे सामने अनेक चुनौतियां भी हैं। वीर शहीदों ने हमे आजादी दी अब हमे चाहिए कि हम खुद के लिए व अपनी भावी पीढ़ियों के लिए प्रदूषणमुक्त व नशामुक्त माहौल कायम करें। इस समारोह में प्रमुख रूप से बिजली प्रसारण निगम के उपमंडल अभियंता संजय गुप्ता, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सरदार अजीतपाल सिंह चट्ठा, एडवोकेट बलिंद्र बैरागी, सरपंच जसपाल मान (छापर), सरपंच प्रमोद मदान (मलार), सरपंच जोगिन्दर (भूरान), सरपंच प्रतिनिधि सूरतसिंह (करसिन्धु), पूर्व सरपंच रणबीर कश्यप (कारखाना), सरपंच प्रतिनिधि शमशेर सिंह (बहादुरगढ़), नम्बरदार श्याम स्वामी (बहादुरगढ़), पूर्व सरपंच दलबीरसिंह (बहादुरगढ़) व मेजबान स्कूल के स्टाफ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Loading