खाटू श्याम यात्रा पर निकले दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

50
Rewari road accident

गलत दिशा से आए ट्रक ने ईको वैन को टक्कर मारी, चार अन्य युवक घायल

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। यह सभी युवक खाटू श्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। रास्ते में रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार सभी छह युवक रेवाड़ी से ईको वैन में सवार होकर खाटू श्याम के लिए रवाना हुए थे। जब वे हाईवे पर आगे बढ़ रहे थे, तभी सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने सीधे वैन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन सड़क से पलट गई।

हादसे में वैन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को रेवाड़ी के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए कुछ को गुरुग्राम और रोहतक रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का रॉन्ग साइड में आना बताया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Loading