सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
हरियाणा के Rewari में दिनदहाड़े दो मंदिरों में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने मंदिरों में घुसकर भगवान हनुमान की प्रतिमा पर रखा मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पहले एक मंदिर में दाखिल हुआ और इधर-उधर देखने के बाद धीरे-धीरे प्रतिमा के पास पहुंच गया। वहां से उसने हनुमान जी की प्रतिमा पर रखा मुकुट उतार लिया और दानपात्र से नकदी भी निकाल ली। इसके बाद वह सामान को अपनी पैंट में छिपाकर मंदिर से बाहर निकल गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इसके बाद पास ही स्थित एक दूसरे मंदिर को भी निशाना बनाया। वहां भी उसने दानपात्र से नकदी चुराने की कोशिश की। मंदिर के आसपास मौजूद लोगों को शुरू में इस बात का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन बाद में जब चोरी का पता चला तो मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
फुटेज में आरोपी की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं, जिसमें वह सामान छिपाते हुए मंदिर से बाहर निकलता नजर आ रहा है। इसके बाद मंदिर समिति ने पुलिस को शिकायत दी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों और श्रद्धालुओं में रोष है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर भी इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
![]()











