
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों न्यायालय परिसर में सफीदों बार एसोसिएशन द्वारा नवनियुक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमआईसी) सुश्री अनीशा का गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करके सम्मानित किया और उनके सफल, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यकाल की कामना की। बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट कुणाल अग्रवाल ने सुश्री अनीशा का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायपालिका में उनकी नियुक्ति न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता और निष्पक्ष दृष्टिकोण से न्यायालय की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफीदों बार एसोसिएशन न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी और न्यायिक गरिमा को बनाए रखने में सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगी। उल्लेखनीय है कि सुश्री अनीशा इससे पूर्व अधिवक्ता के रूप में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ में प्रैक्टिस कर चुकी हैं। उनके पास विधिक क्षेत्र का समृद्ध अनुभव है, जिसका लाभ निश्चित रूप से सफीदों न्यायालय तथा आम नागरिकों को मिलेगा। इस अवसर पर मौजूद अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में न्यायालय में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और न्यायिक गरिमा को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र सैनी, संयुक्त सचिव अनु सैनी, अधिवक्ता एम.पी. जैन, बलराम सैनी, जे.डी. सिंह, कपूर सिंह मलिक, बृजेश्वर अग्रवाल, जे.एस. मलिक, मनजीत बरागी, कवलजीत मिरखी, गुरजंत सिंह, सुधीर नायक सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
![]()










