सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों में 16 फरवरी की रात हुई एक अमानवीय घटना के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को काबू किया है। बता दें कि यह घटना सफीदों क्षेत्र ही नहीं दूरदराज तक चर्चा का विषय बनी हुई थी क्योंकि आपसी रंजिश और शराब के नशे में कुछ युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसके मुंह पर पेशाब कर दिया। इसके बाद इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। गौरतलब है कि घटना सफीदों की नई अनाज मंडी के पीछे स्थित हुडा कालोनी की है। पीड़ित युवक अपने दोस्तों के साथ बैठा था। आपसी पुरानी रंजिश के चलते मुख्य आरोपी नवीन और उसके साथियों ने उसे बुलाया, पहले फायरिंग की, फिर मारपीट की और अंत में मुंह पर पेशाब कर दिया। नवीन के खिलाफ पहले भी 2 मामले दर्ज हैं और वह एक मामले में फरार था। इस मामले में पीड़ित के परिवार और समाज न्याय की पूरी प्रक्रिया की मांग कर रहा था। प्रैस वार्ता में डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। इस मामले में धारा 109 BNS (हत्या का प्रयास), आर्म्स एक्ट और महत्वपूर्ण रूप से एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं, क्योंकि पीड़ित की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह कृत्य जातिगत उत्पीड़न से जुड़ा प्रतीत होता है। डीएसपी गौरव शर्मा ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने 3-4 टीमें गठित की हैं, जो शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने में जुटी हैं।
![]()











