सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विधायक रामकुमार गौतम जनसम्पर्क कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को विधानसभा के गांवों टीटो खेड़ी, करसिंधु, अंटा, बड़ौद, बसीनी, खातला, भुसलाना, डिडवाड़ा, निम्नाबाद, साहनपुर, सरना खेड़ी सहित लगभग एक दर्जन गांवों में पहुंचकर गांव वासियों से 4 अप्रैल को सफीदों की नई अनाज मंडी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली में पहुंचने का निमंत्रण दिया और गांव वालों से मिलकर मुख्यमंत्री के समक्ष रखने वाली मांगों के बारे में सुझाव मांगे। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से यह रैली न केवल सफल होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस रैली के माध्यम से सफीदों क्षेत्र को भी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं तथा परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। यह रैली हलका सफीदों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी, उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को चिन्हित कर उनकी एक व्यवस्थित सूची तैयार करके उन्हें सोंपे ताकि यह सूची रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके और क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा सके। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। उन्होंने जन प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को रैली स्थल तक साथ लाने का कार्य करें। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी गांवों में विकास कार्य करवा रही है और भविष्य में भी इस दिशा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। यदि कहीं कोई कार्य अधूरा है या सुधार की आवश्यकता है, तो उसे प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
![]()











