सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने उपमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर चल रही व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल रहित वातावरण में संपन्न करवाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है तथा फ्लाइंग स्क्वायड टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास बाहरी वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। साथ ही केंद्रों की खिड़कियों पर जाली लगाने तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्त रोक के आदेश दिए गए हैं। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपनी परीक्षा दे सकें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस मौके पर डीसीपी गौरव शर्मा भी मौजूद रहे।
![]()











