एशियन कबड्डी फेडरेशन अध्यक्ष गुलाब सैनी ने किया कामधेनु अमृत दुग्धशाला का उद्घाटन

14
Safidon Gaushala event

50 लाख की लागत से बना नवनिर्मित भवन

सफीदों में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का ऐलान

सफीदों (एस• के• मित्तल) : एशियन फेडरेशन ऑफ कबड्डी के अध्यक्ष गुलाब सैनी जी ने नगर की प्रसिद्ध श्री गौरक्षानन्द गौशाला स्थित कामधेनु अमृत दुग्धशाला के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग जी भी उनके साथ मौजूद रहे। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से तैयार हुए इस आधुनिक दुग्धशाला भवन से गौमाता की सेवा में नई गति आने की उम्मीद है।
अपने संबोधन में गुलाब सैनी जी ने भावुक होते हुए कहा कि इस गौशाला से उनकी बचपन की अनेक यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में गौशाला को किसी भी प्रकार के सहयोग की जरूरत पड़ी तो वह हमेशा तैयार रहेंगे। साथ ही उन्होंने शीघ्र ही सफीदों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता करवाने की घोषणा की।
सैनी जी ने कहा, “प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ना अत्यंत जरूरी है। ऐसे आयोजन न केवल उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में मदद करेंगे, बल्कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी कुरीतियों से भी बचाएंगे।” उन्होंने सफीदों के खेल स्टेडियम की प्रशंसा करते हुए बताया कि कबड्डी को आगे बढ़ाने के लिए यहीं इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भविष्य में सफीदों को कबड्डी का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
गौ सेवा आयोग का बजट 2 करोड़ से बढ़कर 600 करोड़ पहुंचा
हरियाणा गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग जी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में गौ सेवा आयोग का बजट महज 2 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 600 करोड़ रुपये हो गया है। इससे प्रदेश की सभी रजिस्टर्ड गौशालाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके अलावा गौशालाओं को मात्र 2 रुपये प्रति यूनिट पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि गौमाता की सेवा निर्बाध रूप से चल सके।
एक एकड़ में बनेगा वृद्धाश्रम एवं अनाथाश्रम
गौशाला के सचिव शैलेंद्र दीवान जी ने बताया कि गौशाला परिसर में ही लगभग एक एकड़ भूमि पर वृद्धाश्रम एवं अनाथाश्रम बनाने की योजना है। यह निर्माण एवं संचालन समाज सेवी संस्था कन्या एजुकेशन सोसाइटी के सहयोग से किया जाएगा।
इस अवसर पर ओम आयुर्वेदा के प्रमुख विकास आर्य जी, गौशाला प्रमुख रामेश्वर दास गुप्ता (पूर्व पालिका अध्यक्ष), रणधीर सैनी, ओम प्रकाश सिंगला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। गौशाला के अध्यक्ष पाले राम राठी जी ने सभी अतिथियों और दानवीरों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के दानवीरों के सहयोग से ही गौशाला निरंतर प्रगति कर रही है।
कार्यक्रम के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Loading