सड़क निर्माण को लटकाने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत

59
Safidon Jind highway

“हाईवे चौड़ीकरण में देरी पर BJP नेता का सरकार को अल्टीमेटम”

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों-जींद स्टेट हाईवे को 3 मीटर और चौड़ा करके दोबारा बनाने की परियोजना को लेकर इसकी प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लटकाए जाने की जांच कराकर संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध एक भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को भेजा है। सफीदों के भाजपा पूर्व एमिनेंट पर्सन रामदास प्रजापत ने मुख्यमंत्री को लिखा है कि इस सड़क के निर्माण को बेवजह जानबूझकर लंबे समय तक लटकाए जाने से सरकार व भाजपा के नेताओं के प्रति लोगों में नाराजगी पनप रही है जबकि सरकार का इसमें कोई दोष नहीं और मुख्यमंत्री इसके बजट को बहुत पहले स्वीकृत कर चुके हैं। प्रजापत ने इस आशय की शिकायत में लिखा है कि सड़क चौड़ी करने की प्रक्रिया में जो पेड़ कटेंगे उनकी भरपाई के लिए पेड़ लगाने को वन विभाग को जमीन दी जानी है और कई गांवों की चिन्हित शामलात जमीन वन विभाग को तबदील कराए जाने की प्रक्रिया में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संबंधित अधिकारियों ने करीब एक वर्ष बरबाद कर दिया और अब भी प्रक्रिया ऐसे ही कछुए की चाल में है। उन्होंने लिखा है कि सड़क बेहद खराब है जिसके कारण रोज-रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रजापत ने इस सड़क निर्माण की प्रक्रिया को जानबूझकर लटकाए जाने की जांच करवा कर इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है तथा यह भी अनुरोध किया है कि संबंधित विभागाध्यक्षों को इस प्रक्रिया को अविलम्ब पूरा करने का निर्देश दिया जाए। उन्होंने इस शिकायत की एक-एक प्रति राज्य के मुख्य सचिव तथा ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव को भी भेजी है। रामदास ने कहा कि यदि उनके इस अनुरोध पर कार्रवाई नहीं होती है तो वह प्रदेश पुलिस प्रमुख को इस मामले में सीधे तौर पर जिम्मेदार ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत भेजकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 198, 199 व 201 के तहत आपराधिक मामला दर्ज करने की प्रार्थना करेंगे और यदि वहां से भी इंसाफ नहीं मिला तो ऐसा मामला दर्ज कराने को वह न्यायालय की शरण लेंगे।

Loading